Weather Update इस बार गर्मी मचाएगी हाहाकार, मार्च में मई और जून जैसी तपिश के आसार
- Feb 18, 2025
- 1 min read
18/02/2025

मौसम के तीखे तेवर से इस वर्ष जनवरी सामान्य से अधिक गर्म रही। फरवरी में भी राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि मार्च का महीना भी उम्मीद से अधिक गर्म रहेगा। इस दौरान लोगों को मई-जून जैसी गर्मी झेलनी पड़ सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय से बारिश न होना और तापमान में एकाएक वृद्धि की वजह से ऐसा अनुमान जताया जा रहा है। ठंड के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ बेअसर रहने से पूरे उत्तर भारत में अच्छी बारिश नहीं हुई। इसके चलते मौसम गर्म है। इसका असर आने वाले दिनों में दिखेगा। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह का कहना है कि इस बार सर्दियों में तीन पश्चिमी विक्षोभ आए, लेकिन तीनों ही बेअसर रहे। पश्चिमी विक्षोभ का असर भी एक-दो दिन में समाप्त हो जाएगा।
फरवरी अंत में 28 डिग्री तक पहुंचेगा पारा 20 फरवरी के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फरवरी में 27-28 डिग्री तक चल रहा पारा मार्च महीने में 38-40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
पहाड़ों में भी गर्मी बढ़ी
पहाड़ों पर दिन में तपिश महसूस होने लगी है। कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री पहुंच रहा है। न्यूनतम पारा भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।





Comments