“ना ग़ुस्सा, ना अहंकार – संजीव अरोड़ा इस बार”: लुधियाना वेस्ट में केजरीवाल की हुंकार
- bhagattanya93
- May 30
- 2 min read
लुधियाना, 30 मई

आम आदमी पार्टी के लुधियाना पश्चिम विधानसभा से उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के नामांकन दाखिल करने से पहले पार्टी ने एक भव्य रोड शो का आयोजन किया, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थकों ने आप उम्मीदवार के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

कार्यक्रम में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मौजूद लोगों को संबोधित किया और विकास व सुशासन के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने पार्टी नेतृत्व और लुधियाना के लोगों को उनके विश्वास और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा भी मौजूद रहें।

अरविंद केजरीवाल ने चिलचिलाती धूप में संजीव अरोड़ा का समर्थन करने के लिए एकत्र हुए हजारोँ की संख्या में समर्थकों की सराहना की। उन्होंने 2022 में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश के लिए पंजाब के लोगों को भी धन्यवाद दिया और इस उपचुनाव में आप उम्मीदवार को जिताने की अपील की।

लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, "2022 में आपने अहंकार और गुस्से के खिलाफ वोट करके गुरप्रीत गोगी जी को अपना विधायक चुना था। लेकिन उनका असामयिक निधन से हमें एक बड़ी क्षति पहुंची, लेकिन संजीव अरोड़ा अब उनकी विरासत को अच्छी तरह से आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा को किसी परिचय की जरूरत नहीं है, वे लुधियाना के सच्चे बेटे हैं। जैसा कि मोदी जी कहते हैं कि उनकी रगों में सिंदूर बहता है, भले ही उनकी रगों में सिंदूर नहीं बहता हो, लेकिन लुधियाना संजीव अरोड़ा की रगों में जरूर बहता है।

केजरीवाल ने लुधियाना के प्रति संजीव अरोड़ा के समर्पण की सराहना करते हुए कहा, "वे हमेशा लुधियाना की प्रगति के बारे में सोचते हैं और शहर के विकास की वकालत करते हैं। लुधियाना वेस्ट के लिए उनसे बेहतर उम्मीदवार और कोई नहीं हो सकता।" अरोड़ा को आप उम्मीदवार चुनने पर केजरीवाल ने कहा, "सरकार हमारी है, काम हम करेंगे। विपक्ष सिर्फ गाली-गलौज कर रहा है। अगले दो साल तक भी वे यही करते रहेंगे। अगर आप प्रगति चाहते हैं, तो संजीव अरोड़ा को चुनें। अगर आप गुस्सा, अहंकार और गाली-गलौज चाहते हैं, उन्हें वोट कर दें।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रैली में गर्मी की परवाह किए बिना भारी संख्या में शामिल होने के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने लुधियाना पश्चिम के मतदाताओं से चुनाव के दिन "झाड़ू" का बटन दबाने का आह्वान किया। दिवंगत विधायक गुरप्रीत गोगी की विरासत को याद करते हुए मान ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गोगी जी अब हमारे बीच नहीं हैं। आज संजीव अरोड़ा आपके उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। आइए हम सुनिश्चित करें कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर विजयी हो।"

समर्थकों के जोश और ऊर्जा की सराहना करते हुए मान ने कहा, "आप सभी ने जिस तरह का उत्साह दिखाया है, इससे कोई फर्क नहीं कि हमारा चुनाव चिन्ह ईवीएम में कहां पर है, बस आपको यह सुनिश्चित करना है कि रिजल्ट वाले दिन हम नंबर वन हों।" मान ने लोगों से अपना प्यार और समर्थन ऐसे ही बरकरार रखने का आग्रह किया और कहा, "आपके सहयोग से हम लुधियाना पश्चिम के लिए काम करते रहेंगे और इसे एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र में बदलेंगे।"

Comments